खम्मा-खम्मा हो बाबा रुणिचे रा धणिया….

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
“रूणिचे बुलाले अपने दास को बाबा, पूरी कर दे भक्त की आस को बाबा…थे हो ध्वजाबंदधारी…खंमा-खंमा हो बाबा रूणिचे रा धणिया…सरीखे जयकारों से शनिवार को जैसलमेर राष्ट्रीय राज मार्ग गूंज उठा। अवसर था कोलकाता के रामदेव बाल मंडल के तत्वावधान में निकली पदयात्रा का। पैदल यात्रा में करीब 45-50 श्रद्धालु शामिल है। इससे पहले भट्टोलाई स्थित बाबा रामदेव के प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना और महाआरती की गई।

इसके बाद हाथों में ध्वजा लेकर जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु आगे बढ़ गए। पदयात्रा को नेतृत्व कर रहे बिमल केडिया और जेठमल रंगा के अनुसार यात्रा में सुबह का पहला पड़ाव मावड़िया माता के मंदिर रहा। जहां भोजन के बाद अपराह्न के समय यात्रा शुरू हुई। श्रद्धालु रात को गजनेर पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम के बाद श्रीकोलायत के लिए प्रस्थान करेंगे।

बिमल केडिया ने बताया कि यात्रा 21 फरवरी को लोक देवता बाबा रामदेवजी के दरबार में पहुंचेगी। वहां बाबा का दर्शन करने के बाद स्टेशन के समीप स्थित रामदेव बाल मंडल धर्मशाला में बाबा रामदेवजी का पूजन होगा, भक्त बाबा को फूलो की होली खेलाई जाएगी। इस मौके पर भंडारा होगा। पदयात्रा रास्ते में कोलायत, दियातरा, नोखड़ा, बाप, भगत की कोठी, शेखासरिया, घुड़शाल, डालीबाई होते हुए रामदेवरा पहुंचेगी।
पदयात्रा में इस बार कोलकाता के ख्यातिनाम भजन गायक राकेश शर्मा, व्यवसायी संतोष केडिया, हरि किशन चांडक, श्री पुगलिया, अंजू मोहता, बसंत मोहता, राघव मोदी, महावीर व्यास, रितेश चांडक के साथ ही बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु भी शामिल हैं। शुक्रवार को एक गाड़ी में बाबा का दरबार सजाया गया। इसके बाद माहेश्वरी भवन गेस्ट हाउस परिसर में बाबा रामदेव की महाज्योत बिमल केडिया और जेठमल रंगा के सान्निध्य में हुई। इसमें पद यात्रियों के साथ ही कोलकाता से आए सुशील मूंधड़ा, नारायण भूतड़ा, स्वपन बर्मन, संतोष केडिया, राघव सहित कई श्रद्धालु शामिल हुए।





