बीकानेर : पीबीएम के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में अब 24 घंटे होगी एमआरआई - Nidar India

बीकानेर : पीबीएम के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में अब 24 घंटे होगी एमआरआई

”सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में सभी विभागों की अब ओपीडी होगी सातों दिन”

”12 करोड़ की स्टॉक यूनिट में लगेगी न्यूरो कैथ लैब, लकवा मरीजों को मिलेगी तत्काल राहत”

”किडनी ट्रांसप्लांट भी जल्द शुरू किया जाएगा, 4.5 करोड़ की लागत से नेफ्रोलॉजी बिल्डिंग का करेंगे सुदृढ़ीकरण”

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक (एसएसबी) में अब एमआरआई और सिटी स्कैन की सुविधा 24 घंटे रहेगी। सभी विभागों की ओपीडी भी अब सातों दिन रहेगी।

एसएसबी में करीब 12 करोड़ की लागत से स्टॉक यूनिट की स्थापना कर न्यूरो कैथ लैब की स्थापना की जाएगी ताकि लकवा मरीजों को तत्काल राहत मिल सके और उन्हें ज़िले से बाहर ना ले जाना पड़े। गोदारा शनिवार को सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक (एसएसबी) में संबंधित विभाग के एचओडी के साथ समीक्षा बैठक करने के बाद प्रेस से मुखातिब थे।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओपीडी सप्ताह में तीन करने के निर्देश
उन्होंने बताया कि एसएसबी में बैठने वाले विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओपीडी सप्ताह में तीन करने के निर्देश दिए गए हैं। एंडोक्राइनोलॉजी विभाग में विशेषज्ञ डॉक्टर को छह दिन बैठने को कहा गया है। गेस्ट्रो और न्यूरो में भी विशेषज्ञ डॉक्टर्स 3-3 दिन ओपीडी की सेवा देंगे।

एसएसबी के बड़े-बड़े बोर्ड लगेंगे, ड्रेस कोड एवं नेम प्लेट किया अनिवार्य
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री  गोदारा ने बताया कि एसएसबी अस्पताल और विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टर्स यथा प्लास्टिक सर्जरी,गैस्ट्रो सर्जरी इत्यादि सेवाओं की जानकारी देने वाले बड़े बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि लोगों को पता चल सके और उन्हें इन सेवाओं के लिए जिले से बाहर ना जाना पड़े। साथ ही सभी डॉक्टर्स एवं कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड व नेम प्लेट बैज सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों की अवमानना करने वालों को नोटिस जारी किया जाएगा।

किडनी ट्रांसप्लांट भी जल्द शुरू होगी
गोदारा ने बताया कि किडनी ट्रांसप्लांट को लेकर ट्रेनिंग चल रही है। ट्रेनिंग पूरी होते ही बाहर की टीम को बुलाकर किडनी ट्रांसप्लांट का कार्य शुरू किया जाएगा। साथ ही बताया कि एसएसबी में सुधार और बेहतर प्रबंधन को लेकर सभी विभागाध्यक्षों से 5-5 सुझाव मांगे गए हैं।  गोदारा ने कहा कि आगामी एक महीने में आमजन को एसएसबी अस्पताल में सुधार नजर आएगा।

अस्पताल स्टाफ मरीजों से करे संयमित व्यवहार
खाद्य मंत्री ने कहा कि मरीज तो परेशानी में आते हैं घबराए होते हैं। कई बार पहली बार अस्पताल आते हैं। लेकिन डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और तकनीशियन तो यहां रोज ही कार्य कर रहे हैं। उन्हें मरीज और उनके परिजनों की मानसिकता का पता होता है। ऐसे में उनके साथ संयमित व्यवहार कर उनकी मदद करें।

अस्पताल बिल्डिंग ठीक करने के दिए सख्त निर्देश
गोदारा ने बताया कि 150 करोड़ की लागत से बनी एसएसबी अस्पताल बिल्डिंग को ठीक करने को लेकर संबंधित ठेका कंपनी को सख्त निर्देश दिए गए हैं। कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर के सुदृढ़ीकरण का कार्य हो चुका है। अगले फेज में फॉल सीलिंग को नए सिरे से लगाने और अन्य कमियों को जल्द दूर किया जाएगा। अगले एक साल में एसएसबी अस्पताल सुदृढ़ीकरण का कार्य पूरा कर दिया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री  गोदारा के साथ एसपीएमसी प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा, पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बीसी घीया तथा एसएसबी अधीक्षक डॉ. संजीव बुरी उपस्थित रहे।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *