बीकानेर : पूर्णवाला की रोही में हुई घटना को प्रभारी सचिव ने लिया गंभीर, बोले-दोषी कार्मिकों के खिलाफ करे सख्त कार्रवाई - Nidar India

बीकानेर : पूर्णवाला की रोही में हुई घटना को प्रभारी सचिव ने लिया गंभीर, बोले-दोषी कार्मिकों के खिलाफ करे सख्त कार्रवाई

प्रभारी सचिव  कृष्ण कुणाल ने ली बैठक, बजट घोषणा क्रियान्वयन की समीक्षा की
 बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

शिक्षा सचिव और जिला प्रभारी सचिव कृष्ण कुणाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में दो दिन पूर्व पूर्णवाला की रोही में हुई घटना को गंभीरता से लिया। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो। इस घटना के लिए जिम्मेदार कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। प्रभारी सचिव ने कहा कि विद्युत विभाग की ओर से जिलेभर में ढीले तारों को दुरुस्त करवाया जाए। वरिष्ठ अधिकारी इसकी मॉनिटरिंग करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही असहनीय होगी और संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

प्रभारी सचिव ने बैठक में बजट घोषणाओं की क्रियान्विति सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पूर्णवाला की रोही में हुई घटना को बेहद गंभीरता से लिया।

बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने कहा कि सभी घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बजट आवंटन के मुद्दों पर जिला स्तरीय अधिकारी, मुख्यालय के अधिकारियों के सतत समन्वय में रहें। उन्होंने प्रत्येक बजट घोषणा की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। विभिन्न घोषणाओं के संबंध में राज्य स्तरीय अधिकारियों से फीडबैक लिया। पूर्ण कार्यों की सूचना सीएमआईएस पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए।  कृष्ण कुणाल ने कहा कि स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा बजट घोषणाओं की समीक्षा की जाती है। इसके मद्देनजर प्रत्येक अधिकारी इनकी गंभीरता समझें।

प्रभारी सचिव ने इस वर्ष के पौधारोपण की तैयारियों के बारे में जाना। उन्होंने जिले की नर्सरियों में पौधों की उपलब्धता और वितरण की स्थिति की समीक्षा की। गत वर्ष पौधारोपण में जिले की उपलब्धि की सराहना की और राज्य के पौधारोपण के लक्ष्य के अनुसार पौधारोपण की योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण में शिक्षा विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके मद्देनजर शिक्षा विभाग पौधों की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करें।

प्रभारी सचिव ने गर्मी के मद्देनजर पेयजल वितरण की स्थिति जानी। पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। कंटीजेंसी प्लान और इसके क्रियान्वयन के बारे में जाना।

जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने बजट घोषणाओं की अब तक की प्रगति और विभागों द्वारा की गई कार्यवाही के बारे में बताया। बैठक में पुलिस अधीक्षक  कावेंद्र सागर, नगर निगम आयुक्त  मयंक मनीष, बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त अपर्णा गुप्ता, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी  सोहनलाल, प्रशिक्षु आईएएस  स्वाति शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *