बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

मास्टर उदय फुटबॉल क्लब के तत्वावधान में आयोजित चतुर्थ राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज आज पुष्करणा स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन मुकाबला बीकानेर फुटबॉल क्लब और भटनेर फुटबॉल क्लब हनुमानगढ़ के बीच दूधिया रोशनी में खेला गया। रोमांचक मैच के सातवें मिनट में बीकानेर के खिलाड़ी ने गोल कर बीकानेर को 1-0 की बढ़त दिलाई। मैच के मध्य अंतराल तक दोनों टीमें गोल करने लिए मशक्कत करती दिखी।

इसके बाद 52 वें मिनट में बीकानेर ने दूसरा गोल दागरकर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। इससे खिलाड़ियों में जोश और उत्साह बढ़ गया, यह वजह है कि अपने उम्दा खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम ने 58 वे मिनट में तीसरा गोल करके टीम की 3-0 बढ़त दिलाई। मैच समाप्ति तक बीकानेर फुटबॉल क्लब ने अपना उद्घाटन मुकाबला 3-0 से जीता। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भटनेर क्लब हनुमानगढ़ के मुकेश भाजिया को दिया गया। मैच के दौरान हनुमानगढ़ के सचिन को फॉल के लिए रेड कार्ड दिया गया।
आयोजन सचिव बृजमोहन पुरोहित ने बताया कि उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि बीकानेर व्यापार मंडल एसोसिएशन के अध्यक्ष जुगल राठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीआईडी दीपक शर्मा,खो-खो फेडरेशन ऑफ इंग्लैंड के अध्यक्ष प्रहलाद फरहोड़ा,स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष मनीष लांबा,डॉ.विकास पारीक,रामजी व्यास ने खिलाड़ियों से परिचय किया।
आयोजन अध्यक्ष पंडित महेंद्र व्यास ने बताया कि रविवार को फ्रेंड्स क्लब डीडवाना और मेजबान मास्टर उदय क्लब के बीच मुकाबला शाम 7.30 बजे खेला जाएगा। प्रतियोगिता में राजस्थान की 12 नामचीन टीमें हिस्सा ले रही है। विजेता टीम को 21 हजार और उपविजेता टीम को 11 हजार रुपए नकद पुरस्कार दिया जाएगा। संचालन रविन्द्र हर्ष और एन.आर.जोशी ने किया । आयोजन सचिव अमित व्यास ने बताया कि राजस्थान फुटबॉल फेडरेशन से अनुबंधित मैच रेफरी के रूप में भेरूरतन ओझा ने भागीदारी निभाई।
मीडिया प्रभारी उदय व्यास ने बताया कि प्रतियोगिता में एनआईएस कोच नारायण बिस्सा और गोकुल जोशी द्वारा भी टेक्निकल सहयोग दे रहे हैं। उद्घाटन मुकाबले में टूर्नामेंट के संरक्षक शिवशंकर जागा,शिवनारायण पुरोहित, जे.पी.व्यास,शंकर बोहरा,मुकेश व्यास भी मौजूद रहे।






