बीकानेर : बदल रही है माधोगढ़ की तस्वीर, ऊर्जा मंत्री ने विकास कार्यों का किया लोकार्पण - Nidar India

बीकानेर : बदल रही है माधोगढ़ की तस्वीर, ऊर्जा मंत्री ने विकास कार्यों का किया लोकार्पण

बीकानेरNidarindia.com कोलायत तहसील के माधोगढ़ गांव की तस्वीर बदल रही है। रविवार को ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि माधोगढ़ में ग्रामीणों की भावना के अनुरूप विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों को इनका भरपूर लाभ मिल रहा है।

ऊर्जा मंत्री ने समग्र शिक्षा की ओर से नाबार्ड राज्य मद योजना के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय माधोगढ़ में 16.37 लाख रुपए की लागत से बनाए गए दो हॉल और बरामदे के लोकार्पण किया।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि माधोगढ़ में 2 करोड़ 67 लाख रुपये की पेयजल स्कीम स्वीकृत करवाई गई है। इसकी निविदा प्रक्रिया प्रगतिरत है। अगले 15 दिनों में टेंडर खोलने के पश्चात कार्य आदेश जारी कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग का ध्यान रखते माधोगढ़ को उपनिवेशन से राजस्व में शामिल करवाया गया है।

अब गांव के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि माधोगढ़ में एक ट्यूबवेल स्वीकृत करवाया गया है। जीएसएस की चार दीवारी व भवन की स्वीकृति जारी की गयी है। यह सभी कार्य शीघ्र प्रारंभ करवा दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय को पहले माध्यमिक और उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत कर दिया गया है।

कोलायत विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक ग्राम पंचायते बनी है। माधोगढ़ की पेयजल का स्थाई समाधान होगा इसके लिए देवड़ा वितरिका पर 30 लाख लीटर की डिग्गी बनने जा रही है। गांव में एक लाख लीटर का उच्च जलाश्य बनेगा और 12 किलोमीटर पेयजल लाइन डाली जायेगी। इस कार्य का एक माह में शिलान्यास हो जाएगा। उन्होंने कहा कि माधोगढ में दो स्वीकृत ट्यूबवेल आगामी 15 दिन में तैयार हो जायेगा।

उन्होंने कहा कि माधोगढ़ में उप स्वास्थ्य केन्द्र स्वीकृत कराने का सकारात्मक प्रयास होगा और यह स्वीकृत हो जायेगा। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय में और कक्षा-कक्षों का निर्माण करवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि माधोगढ़ व गुड़ा का उपनिवेशन का रिकार्ड आगामी 15 दिन में राजस्व तहसील को स्थान्तरित हो जायेगा, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है।

उन्होंने माधोगढ़ स्कूल के 11 वीं कक्षा के दिव्यांग छात्र मुकेश को बाल विज्ञान पुरस्कार मिलने पर उसका स्वागत किया। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि आज गांव-गांव में विकास कार्य हो रहे हैं। शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहलें हुई हैं। जिनका लाभ करोड़ों प्रदेशवासियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक व्यक्ति का जीवन स्तर सुधारने को कृत संकल्प है तथा प्रत्येक राजस्थानी को महंगाई से राहत देने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र भी विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक बजट में क्षेत्र को अनेक सौगातें दी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा 19 नए जिले बनाने जैसे फैसलों को ऐतिहासिक और साहसिक बताया।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत प्रत्येक परिवार के 25 लाख रुपए तक के इलाज की जिम्मेदारी राज्य सरकार ने ली है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल की पहली बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन 500 से बढ़ाकर 750 रुपए की गई। इस वर्ष बजट में न्यूनतम पेंशन एक हजार रुपए प्रतिमाह कर दी गई है। वहीं प्रतिवर्ष इसमें 15 की वृद्धि की व्यवस्था भी की गई है। इससे पहले विद्यालय के प्राचार्य महादेव ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

इस अवसर पर कोलायत के उपप्रधान रेवतराम संवाल, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) सुरेंद्र सिंह भाटी, ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी कोलायत मूल सिंह भाटी, कृषि मण्डी पूगल रोड के अध्यक्ष हजारी लाल गेदर, तहसीलदार राम स्वरूप मीना, अमोलख, जिला परिषद सदस्य पुरखाराम गेदर, अधीक्षण अभियन्ता डिस्कॉम राजेन्द्र सिंह मीना, अधिशाषी अभियन्ता जलदाय नफीस खान, अधिशाषी अभियन्ता डिस्कॉम बीआरके रंजन अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

Share your love
Facebook
Twitter

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *