पर्व : दुर्गाष्टमी पर देवी मंदिरों में लगा तांता, कन्याओं का किया पूजन, लगाया लापसी का भोग, पूजा पंडालों में विशेष अनुष्ठान-पूजन.. - Nidar India

पर्व : दुर्गाष्टमी पर देवी मंदिरों में लगा तांता, कन्याओं का किया पूजन, लगाया लापसी का भोग, पूजा पंडालों में विशेष अनुष्ठान-पूजन..

बीकानेरNidarIndia.com शारदीय नवरात्रि की अष्टमी (दुर्गाष्टमी) के अवसर पर सोमवार को घरों और मंदिरों में देवी माता की आराधना पूजन की गई। माता रानी को लापसी का भोग लगाया गया। शृंगार पूजन के बाद आरती हुई। कन्याओं का पूजन हुआ। मंदिरों में भी दुर्गाष्टमी पर विशेष पूजन किया गया। वहीं शहर में सजे दुर्गा पूजा पंडाल में भी आज विशेष पूजन हुआ। देवी मंत्रों के साथ पुष्पांजलि अर्पित की गई।

ऊर्जा मंत्री ने लगाई चामुंडा माता के धोक…

ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने कोलासर के चामुंडा माता मंदिर में दर्शन किए और प्रदेश में अमन, चैन और खुशहाली की कामना की। मंदिर के पुजारी दीन दयाल ने ऊर्जा मंत्री को विधि विधान से पूजन करवाया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने आरती भी की। ब्रह्म शक्ति चामुंडा धाम के सोपान देव महाराज, कालूराम दम्मानी, सरपंच राधेश्याम शर्मा सहित कई लोग इस दौरान मौजूद रहे। ऊर्जा मंत्री ने कन्याओं का पूजन किया और उन्हें प्रसाद वितरित किया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि शक्ति की आराधना का पर्व है। इस दौरान हमें महिलाओं के सम्मान के साथ बेटियों को पढ़ाने का संकल्प लेना चहिए। उन्होंने कहा कि आज हमारी बेटियां भी प्रत्येक क्षेत्र में सफलता का परचम फहरा रही है। इन्हें आगे बढऩे के भरपूर अवसर दें।

यहां दर्शनार्थियों का तांता…

दुर्गाष्टमी पर सुजानदेसर स्थित काली माता मंदिर, नागणेचेजी मंदिर, देशनोक करणी माता मंदिर, नत्थूसर गेट बाहर स्थित आशापुरा माता मंदिर, राज राजेश्वरी बाला त्रिपुरा सुन्दरी, सच्चीयाय माता, गायत्री माता मंदिर, अमरसिंह पुरा और जयपुर रोड स्थित वैष्णो देवी मंदिर में दुर्गाष्टमी पर्व पर कन्या पूजन, देवी पाठ के अनुष्ठान हुए।

आशापुरा में भंडारा 4 अक्टूबर से, बसों से हुए रवाना

पोकरण स्थित मां आशापुरा मंदिर में नवरात्रा मेला सोमवार से शुरू हो गया। बीकानेर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बसों से आशापुरा के लिए रवाना हुए। वहीं आशापुरा भंडारा सेवा समिति ट्रस्ट(पोकरण) की ओर से 4 से 6अक्टूबर तक मंदिर परिसर में भंडारे के आयोजन किया जाएगा। अध्यक्ष श्याम सुन्दर जोशी ने बताया कि सभी व्यवस्थाओं के लिए ट्रस्ट के सदस्य आशापुरा पहुंच चुके हैं।

दशमी को कड़ाई का प्रसाद किया जाएगा, साथ ही सम्मान समारोह व डांडिया महोत्सव भी होगा। इसी दिन 5 अक्टुबर को नवदंपतियों के जात झडूेलें और नवजात नौनिहालों मुंडन संस्कार भी होंगे। भंडारा ट्रस्ट को लेकर महामंत्री गिरिराज बिस्सा, श्यामसुंदर ओझा,रूपकिशोर व्यास,केशव प्रसाद बिस्सा,नृसिंह जोशी,त्रिलोक बिस्सा,जयगोपाल जोशी,महेश व्यास,श्याम रंगा,राधाकिशन हर्ष,बंशीलाल जोशी,गोपाल बिस्सा, आनन्द गहलोत, किसन पंवार, गोपाल आचार्य, दाऊ जोशी, बजरंग कलवानी, कैलाश गहलोत, जगदीश पंवार, अमरनाथ ओझा, नारायण बिस्सा सहित सदस्य भागीदारी निभा रहे हैं।

पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं ने लगाई धोक….

शहर में कोलकाता महानगर की तर्ज पर कई स्थानों पर दुर्गापूजा महोत्सव मनाया जा रहा है। इसको लेकर मोहता चौक, नत्थूसर गेट, लखोटिया चौक, आसानियों का चौक के साथ रानी बाजार स्थित बंगाली मंदिर में परम्परा के अनुसार दुर्गा पूजा महोत्सव मनाया जा रहा है।

Share your love
Facebook
Twitter

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *